- रेल मंत्री ने शीघ्र प्रस्तावित मांग को पूरा करने का दिया आश्वासन नई दिल्ली(ईएमएस)। भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने सीहोरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। श्री शर्मा ने सीहोर रेलवे स्टेशन पर इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22191/22192) के ठहराव की बहुप्रतीक्षित मांग प्रमुखता से रखी। सांसद श्री शर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बताया कि सीहोर जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कुबेरेश्वर धाम आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष अवसरों और पर्व-त्योहारों के दौरान यहां भक्तों की संख्या लाखों में पहुंच जाती है। इसके बावजूद सीहोर रेलवे स्टेशन पर सीमित ट्रेनों के ठहराव के कारण श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस का सीहोर में स्टापेज देने से स्थानीय नागरिकों के लिए सुविधाजनक होगी। साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि इस ट्रेन का ठहराव मिलने से इंदौर, भोपाल, सीहोर और जबलपुर के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद आलोक शर्मा को आश्वासन दिया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही इस प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाएगा। सीहोरवासियों ने बहुप्रतीक्षित मांग को प्रमुखता से उठाने के लिए सांसद आलोक शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। हरि प्रसाद पाल / 23 अप्रैल, 2026