क्षेत्रीय
23-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस)। शहर में प्लॉट दिलाने के नाम पर 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अलीगढ़ रोड निवासी वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप रावत ने दो लोगों पर ठगी का आरोप लगाया है।पीड़ित के अनुसार वर्ष 2014 में आवास विकास कॉलोनी निवासी सूर्याकांत गुप्ता और आगरा रोड निवासी सुरेश चंद्र अग्रवाल ने यमुना एक्सप्रेस-वे के पास 150 वर्ग गज का प्लॉट दिलाने का झांसा दिया। इस दौरान आरोपियों ने तीन किस्तों में कुल 14 लाख रुपये ले लिए।आरोप है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी न तो प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसा वापस किया गया। पैसे मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में संपर्क भी समाप्त कर लिया।डॉ. रावत ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए अन्य लोगों से भी बड़ी रकम की ठगी की है और कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। पहले पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया। सीजेएम कोर्ट के आदेश पर हाथरस गेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस/मोहने/ 23 अप्रैल 2026