कोरबा (ईएमएस)। कोरबा-पश्चिम नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा में टेंडर प्रक्रिया में लगातार की जा रही मनमानी को लेकर विपक्षी पार्षदों ने संयुक्त रूप से संयुक्त संचालक, बिलासपुर को पत्र लिखकर कार्यवाही की माँग की है। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने आरोप लगाते हुए कहा की नगर परिषद में जबसे नयी सरकार गठित हुई है, तबसे एक अलग तरह का नियम चलना शुरू हुआ है, बिना टेंडर के रेवड़ी बाटने का केवल और केवल अपने चहेते लोगो को लाभ पहुँचाने के लिए आवश्यक कार्यों को दरकिनार करके सरकारी पैसों का बंदरबाट शुरू कर दिया गया है। कार्यों में गुणवत्ता का कोई सरोकार नहीं है इसके अलावा जब कोई पार्षद इन सब कार्यों का विरोध करे तो उसके वार्ड के कार्यों में विवाद करवा दिया जाता है। शासकीय पैसे के दुरुपयोग एव टेंडर प्रक्रिया को नियमतः करने की माँग को लेकर समस्त विपक्षी पार्षदों के साथ संयुक्त संचालक को पत्र सौपा एवं उचित कार्यवाही कि माँग की गई, अगर जल्द से जल्द मामले का निराकरण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। इस अवसर पर पार्षद ने कहा की नगर पालिका में कुछ भी कार्य बोला जाता है तो नहीं किया जाता है हा लेकिन जहां सत्तापक्ष के फ़ायदे का कार्य रहेगा तो तुरंत हो जाता है कुल मिलाकर मनमानी व्यवस्था चल रही है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पार्षद तेजप्रताप सिंह, राकेश अग्रवाल, तालिका साहू, संदीप डहरिया, हेमंत शाहनी, ओमप्रकाश कैवर्त, रूबी पवन गुप्ता, बाल्की कुजूर, आशा साहू, इंद्रजीत बींझवार, राजकुमारी, युवा कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष विकास सिंह, आयुष यादव, शब्बीर ख़ान सहित अनेक कांग्रेसी एव आमजन उपस्थित थे। - 24 अप्रैल