- 22 लाख का माल बरामद गुना (ईएमएस)। जिले की राघौगढ़ थाना पुलिस ने अमानत में खयानत के एक बड़े मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। गुजरात के एक व्यापारी का माल गायब कर फरार हुए ट्रक चालक को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सूटकेश और ट्रक सहित कुल 22 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। - माल लोड कर गायब हो गया था चालक जानकारी के अनुसार, फरियादी शैलेश पटेल निवासी गांधीनगर (गुजरात) ने 22 अप्रैल को राघौगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को उज्जैन के नरवर से उनके ट्रक क्रमांक जीजे 38-0265 में करीब 10 लाख रुपये कीमत के 51 कार्टून (153 नग) सूटकेश अहमदाबाद के लिए लोड किए गए थे। ट्रक चालक चैतन्य प्रकाश ने राघौगढ़ पहुँचकर अपना मोबाइल बंद कर लिया और माल सहित लापता हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की। - महज 24 घंटे में दबोचा गया आरोपी पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशानुसार, थाना प्रभारी अजय जाट के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिरों की मदद से जाल बिछाया। पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा रहा कि अगले ही दिन आरोपी चालक चैतन्य प्रकाश नायक, निवासी जिला पाली (राजस्थान) को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 38 कार्टूनों में रखे 111 सूटकेश बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि शेष सूटकेश उसने बेच दिए हैं। पुलिस ने 7 लाख के सूटकेश और 15 लाख का ट्रक जब्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की है। इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक अजय जाट, उपनिरीक्षक सहदेव तिर्की और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।