- सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, निफ्टी 24000 के नीचे फिसला मुंबई (ईएमएस)। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुले। एशियाई बाजारों के मिलेजुले रुख और घरेलू मोर्चे पर कुछ प्रतिकूल कारकों के चलते प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। शुरुआती कारोबार में ही निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई, जिससे दोनों सूचकांकों में तेज गिरावट दर्ज की गई। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 150 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ 77,483.80 पर खुला, जो गुरुवार के बंद स्तर 77,664.00 से काफी नीचे था। सुबह इसमें 596.17 अंकों की भारी गिरावट दर्ज की गई और यह 77,067.83 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 24,100 के स्तर पर खुला, लेकिन तुरंत ही इस महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया। सुबह शुरुआत के बाद निफ्टी 153.90 अंकों की गिरावट के साथ 24,019.15 पर ट्रेड कर रहा था। बाजार में इस गिरावट के पीछे कई प्रमुख कारक रहे। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई। वहीं, भारतीय रुपये पर बढ़ता दबाव भी बाजार की धारणा पर नकारात्मक असर डाल रहा था। इसके अतिरिक्त, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में हुई बिकवाली ने भी बाजार को नीचे खींचने का काम किया। एशियाई बाजारों से मिलेजुले रुख ने भी भारतीय बाजार को स्पष्ट दिशा नहीं दी, जिससे शुरुआती कारोबार में दबाव देखा गया। इन नकारात्मक खबरों के बीच, लेबनान और इज़राइल के बीच युद्धविराम की अवधि बढ़ाए जाने से कारोबारियों को थोड़ी राहत मिली। व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक के बाद दोनों देशों ने युद्धविराम को तीन सप्ताह के लिए और बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। हालांकि, इस सकारात्मक वैश्विक खबर का भारतीय शेयर बाजार की शुरुआती गिरावट पर कोई खास असर नहीं दिखा, और बाजार लाल निशान में ही बने रहे। सतीश मोरे/24अप्रैल ---