- सोने की कीमत 1,52,700 प्रति 10 ग्राम, चांदी 2,44,321 प्रति किलोग्राम नई दिल्ली (ईएमएस)। बीते सप्ताह कीमती धातुओं, खासकर सोने और चांदी, की चमक कुछ फीकी पड़ गई। प्रॉफ़िट बुकिंग और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित बातचीत की उम्मीदों के चलते दोनों धातुओं की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई, हालांकि शुक्रवार को बाजार में कुछ सुधार देखा गया। बाजार की गति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है, क्योंकि भू-राजनीतिक तनाव और डॉलर की स्थिति में बदलाव का डर कायम है। इस सप्ताह कीमती धातुओं के बाजार में प्रॉफ़िट बुकिंग का दबाव स्पष्ट रूप से देखा गया, जिसके कारण सोने की कीमतों में 0.34 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। चांदी ने भी बड़ी गिरावट दर्ज की, एक हफ्ते से भी कम समय में इसकी कीमतों में करीब 10,000 प्रति किलोग्राम की भारी कमी आई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, सोने की कीमत अब 1,52,700 प्रति 10 ग्राम पर आ गई है, जबकि चांदी की कीमत :2,44,321 प्रति किलोग्राम है। पांच दिन पहले, यानी 20 अप्रैल को एमसीएक्स पर सोना 1,54,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया था, जबकि चांदी 2,54,000 रुपए प्रति किलोग्राम के पार निकल गई थी। इस प्रकार, सोने में प्रति 10 ग्राम पर लगभग 1,300 रुपए की और चांदी में लगभग 9,679 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट देखी गई है। हालांकि सप्ताह के अंत में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में थोड़ी तेज़ी देखी गई। एमसीएक्स पर सोने के जून फ़्यूचर्स में 0.61 फीसदी की बढ़त हुई, जबकि चांदी के मई फ़्यूचर्स में 1.39% की मामूली बढ़त दर्ज की गई। इस तेज़ी का मुख्य कारण अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में प्रगति को लेकर बढ़ती उम्मीदें मानी जा रही हैं। विश्लेषकों का कहना है कि निचले स्तरों पर चुनिंदा खरीदारी देखने को मिली है, लेकिन भू-राजनीतिक अनिश्चितता का कोई स्पष्ट समाधान न निकलने के कारण बाजार की गति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है। बाजार विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि यदि भू-राजनीतिक तनाव में फिर से कोई तेज़ी आती है, या वैश्विक स्तर पर डॉलर की स्थिति में कोई बदलाव होता है, तो एमसीएक्स पर घरेलू कमोडिटी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। सतीश मोरे/26अप्रैल ---