क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर मालाड के चारकोप इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 36 वर्षीय गृहिणी को अपने ही पड़ोसी के घर में चोरी करवाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने एक परिचित को सूचना देकर और घर की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया। यह मामला तब सामने आया जब 40 वर्षीय पीड़िता ने चारकोप पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल की रात उनके घर से 240 ग्राम सोने के गहनों से भरा लॉकर चोरी हो गया, जिसकी कीमत करीब 34 लाख रुपये है। जांच के दौरान पुलिस को घर के दरवाजे पर जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले। इससे शक हुआ कि चोर ने डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और मोबाइल टॉवर डंप डेटा का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे 43 वर्षीय आरोपी की पहचान हुई, जो उस समय सतारा में अपने घर पर मौजूद था। चारकोप पुलिस ने सतारा पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी किया गया लॉकर उसने अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा रखा है। पुलिस ने वहां छापा मारकर लॉकर और सभी सोने के गहने बरामद कर लिए। आगे की पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस पूरी साजिश के पीछे पीड़िता की पड़ोसी 36 वर्षीय गृहिणी थी, जिसने अपने परिचित को चोरी के लिए उकसाया था। पुलिस ने उक्त गृहिणी को भी गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। - २४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस