कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत बालको क्षेत्र के कैलाश नगर स्थित राम मंदिर परिसर में रहने वाले एक आर्थिक रूप से कमजोर यादव परिवार के लिए सामाजिक सहयोग की अनूठी मिसाल सामने आई है। मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले इस परिवार के लिए बेटी और बेटे दोनों की शादी कर पाना कठिन हो रहा था। परिवार की परेशानी जानकर बालको माधव प्रभात शाखा के स्वयंसेवक आगे आए और शादी की पूरी जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया। सभी स्वयंसेवकों ने मिलकर शादी में आवश्यक राशन सामग्री जैसे आटा, चावल, सब्जी सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया। इसके साथ ही मातृ शक्ति ने दुल्हन के लिए साड़ी एवं सुहाग सामग्री भेंट की। स्वयंसेवकों ने आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया, जिससे शादी का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सका। समाजसेवा की इस पहल के तहत निगम से निःशुल्क सामुदायिक भवन एवं पानी के टैंकर की व्यवस्था भी कराई गई, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली। इस दौरान रमेश सोनी, लोकेश्वर चौहान (लुक्की), संजय सिंह, लखन चंद्रा, कृष्णा सोनी, ज्योति परिहार, सुरेखा तिवारी, शशि महंत सहित परिवारजन और बस्ती के अन्य लोग उपस्थित रहे। 24 अप्रैल / मित्तल