राज्य
24-Apr-2026
...


:: दो शाखाओं से 9 छात्रों ने प्राप्त किए 99 से अधिक पर्सेंटाइल; राष्ट्रीय ओलंपियाड में भी कायम रही धाक :: इंदौर (ईएमएस)। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन्स (सत्र-2) 2026 के परिणामों में इंदौर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। स्थानीय नारायणा कोचिंग सेंटर के 68 विद्यार्थियों ने इस कठिन परीक्षा में सफलता अर्जित कर जेईई एडवांस्ड के लिए पात्रता हासिल की है। संस्थान की इस उपलब्धि ने शहर के शैक्षणिक गौरव में इजाफा किया है। परिणाम घोषित होते ही चयनित छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों के बीच हर्ष की लहर दौड़ गई। इस वर्ष के परिणामों की सबसे उल्लेखनीय विशेषता 9 विद्यार्थियों द्वारा 99 से अधिक पर्सेंटाइल प्राप्त करना रही। शीर्ष प्रदर्शन करने वाले छात्रों में संकल्प पाटीदार ने 99.83 पर्सेंटाइल के साथ संस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इनके साथ ही हुसैन मनासा वाला (99.69), लक्ष्य राजदेव (99.61), सक्षम द्विवेदी (99.35), आरुष साराओगी (99.33), निशित सिसोदिया (99.31), महिमा तोमर (99.21), अतिशी अरोरा (99.14) और हितेंद्र सिंह पंवार (99.05) ने उत्कृष्ट अंक पाकर अपनी प्रतिभा सिद्ध की। संस्थान की इंदौर शाखा के निदेशक देवेंद्र वर्मा और अक्षय मालवीय ने इस सफलता को विद्यार्थियों के अनवरत परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उनमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए वैचारिक स्पष्टता विकसित करना है। नियमित टेस्ट सीरीज, व्यक्तिगत मेंटरिंग और गहन विश्लेषण जैसी आधुनिक पद्धतियों ने इन परिणामों को साकार करने में महती भूमिका निभाई है। सफलता के उपरांत संस्थान परिसर में आयोजित एक समारोह में चयनित मेधावियों और उनके परिजनों का सम्मान भी किया गया। जेईई मेन्स के साथ-साथ नारायणा इंदौर के विद्यार्थियों ने विभिन्न राष्ट्रीय ओलंपियाड परीक्षाओं में भी विशिष्ट पहचान बनाई है। राष्ट्रीय स्तर की एनएसईसी परीक्षा में 4 विद्यार्थियों ने अर्हता प्राप्त की, वहीं एनएसईबी में एक और आरओएम में दो विद्यार्थियों का चयन हुआ। इन परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि स्थानीय विद्यार्थी न केवल प्रवेश परीक्षाओं में, बल्कि अवधारणा आधारित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी सफलता के नए कीर्तिमान रच रहे हैं। प्रकाश/24 अप्रैल 2026