-सीएम रेखा गुप्ता के दौरे के बाद हुई बड़ी विभागीय सर्जरी नई दिल्ली,(ईएमएस)। राजधानी दिल्ली में प्रशासनिक सर्जरी का बड़ा उदाहरण सामने आया है। सीएम रेखा गुप्ता के निर्देश पर ट्रेड एंड टैक्सेस (जीएसटी) विभाग में व्यापक स्तर पर तबादले किए गए हैं। कुल 162 अधिकारियों और कर्मचारियों को अचानक स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई 8 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री के विभागीय दौरे के बाद सामने आई अनियमितताओं के आधार पर की गई है। दौरे के दौरान कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर कई सवाल उठे थे, जिसके बाद तत्काल सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उनमें तीन असिस्टेंट कमिश्नर भी शामिल हैं। ये अधिकारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे, जिससे प्रशासनिक निष्पक्षता और कार्यकुशलता पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। सरकार का मानना है कि लंबे समय तक एक ही जगह पर तैनाती से व्यवस्था में ढीलापन और अनियमितताओं की संभावना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है, ताकि विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। सूत्रों के मुताबिक, यह कदम केवल तबादलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए आगे भी कड़े फैसले लिए जा सकते हैं। हिदायत/ईएमएस 24अप्रैल26