-संजय सिंह ने बीजेपी में जाने वाले 7 सांसदों को लेकर कहा- यह सब ऑपरेशन लोटस के तहत किया जा रहा नई दिल्ली,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी (आप) में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम ने सियासी माहौल गरमा दिया है। पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के फैसले पर आप ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने इसे लोकतंत्र और जनादेश के साथ विश्वासघात करार दिया है। नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप नेता संजय सिंह ने कहा कि यह सब ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार को कमजोर करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ताधारी पार्टी राज्य में आप सरकार के कामकाज में बाधा डालने की कोशिश कर रही है। संजय सिंह ने कहा, “पंजाब की जनता को इन सात नामों को याद रखना चाहिए। जनता इन ‘गद्दारों’ को कभी माफ नहीं करेगी।” उन्होंने दावा किया कि आप सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में बेहतर काम कर रही है, लेकिन उसे अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आप सांसद ने आगे आरोप लगाया कि इस कथित ‘ऑपरेशन लोटस’ को अंजाम देने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी संस्थाओं के जरिए दबाव बनाकर नेताओं को पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में एक सांसद पर पड़े ईडी के छापे का जिक्र करते हुए कहा कि घटनाक्रम आपस में जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने कहा, पहले छापा, फिर दबाव और उसके बाद पार्टी बदलना—यह पूरी प्रक्रिया संदेह पैदा करती है। संजय सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सस्ती राजनीति है और इससे लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब की जनता इस घटनाक्रम को भूलेगी नहीं और समय आने पर जवाब देगी। इस पूरे घटनाक्रम ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है। हिदायत/ईएमएस 24अप्रैल26