चड्ढा, पाठक और मित्तल भाजपा में शामिल नई दिल्ली(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी में शुक्रवार को बड़ी बगावत हुई। सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी जॉइन की। वहीं राघव चड्ढा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसद भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसद संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता हमारे साथ हैं। राघव चड्ढा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद आप नेता संजय सिंह ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी का ऑपरेशन लोटस घटिया राजनीति का खेल बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है। राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने अपने खून-पसीने से पार्टी को सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए। उनके अनुसार, पार्टी अब अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिकता से पूरी तरह भटक गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अब देश या राष्ट्रीय हित के लिए काम नहीं कर रही है। बल्कि, यह व्यक्तिगत लाभ के लिए कार्य कर रही है। चड्ढा ने महसूस किया कि वह गलत पार्टी में सही आदमी हैं। पंजाब सरकार को रोकने का काम किया जा रहा: संजय संजय सिंह ने कहा कि राजिंदर गुप्ता का इतिहास उठाकर देखिए। साहनी, अशोक मित्तल... इन सबको स्वाति मालीवाल, इन सबको आम आदमी पार्टी ने जमीन से उठाकर संसद के अंदर पहुंचाने का काम किया। लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता की पीठ में छुरा मारा है। धोखा दिया है। पंजाब की सरकार जो जनता के लिए काम कर रही थी। उसे रोकने का काम किया है। पंजाब सरकार जो अच्छे काम करती है, दलित आदिवासी महिलाओं के खाते में मदद पहुंचाने का काम करती है। ऐसा बेहतरीन काम करने वाली आम आदमी पार्टी सरकार को अमित शाह मोदी ने रोकने और तोडऩे का काम किया है। पंजाब की जनता को धोखा दिया है। विनोद उपाध्याय / 24 अप्रैल, 2026