राष्ट्रीय
24-Apr-2026


* 24,500 वर्ग फुट में बनेगा अत्याधुनिक कंट्रोल हब, 130+ ट्रेनों और 160+ मालगाड़ियों का स्मार्ट प्रबंधन अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल द्वारा स्टेट-ऑफ-द-आर्ट इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जो जून 2026 तक कार्यरत हो जाएगा। लगभग 24,500 वर्ग फुट में विस्तृत यह अत्याधुनिक परिसर उत्तरी गुजरात क्षेत्र में रेल संचालन का “केंद्रीय तंत्र” होगा। वर्ष 2003 में स्थापना के पश्चात अहमदाबाद मंडल ने तीव्र प्रगति दर्ज की है। माल लदान 9.38 मिलियन टन से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 51 मिलियन टन तक पहुँच गया है, जो पाँच गुना से अधिक वृद्धि को दर्शाता है। इस बढ़ते परिचालन को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु विभिन्न कार्यालयों की नियंत्रण गतिविधियों को अब एक ही छत के नीचे केंद्रीकृत किया जा रहा है। यह अत्याधुनिक नियंत्रण परिसर विभिन्न विभागों के समन्वित, त्वरित एवं प्रभावी संचालन हेतु डिज़ाइन किया गया है: उन्नत डिजिटल निगरानी : 1,350 रूट किलोमीटर क्षेत्र की रियल-टाइम, उच्च-रिज़ॉल्यूशन मॉनिटरिंग हेतु विशाल वीडियो डिस्प्ले यूनिट (वीडीयू) वॉल, जो त्वरित निर्णय-निर्धारण में सहायक होगी। समेकित परिचालन प्रणाली : फ्रेट एवं कोचिंग कंट्रोल, सिग्नल एवं दूरसंचार (एसएन्डटी), इंजीनियरिंग, ट्रैक्शन तथा क्रू प्रबंधन का एकीकृत संचालन किया जाएगा। सुरक्षा एवं संरक्षा सुदृढ़ीकरण : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ एवं कैरिज एवं वैगन (सीएन्डडब्ल्यू) गतिविधियाँ भी इस परिसर में समाहित की जाएँगी। यात्री सेवा सुदृढ़ीकरण : ‘रेल मदद’ शिकायत निवारण तंत्र एवं एनटीईएस (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) के साथ प्रत्यक्ष एकीकरण, जिससे यात्रियों को सटीक एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। इस एकीकृत नियंत्रण परिसर के क्रियान्वयन से निम्नलिखित बहुआयामी लाभ प्राप्त होंगे: समयपालन में उच्च स्तर की सटीकता : प्रतिदिन संचालित 130+ कोचिंग ट्रेनों एवं 160+ मालगाड़ियों के संचालन में सटीक योजना एवं समयपालन सुनिश्चित होगा। संचालन प्रक्रियाओं का अनुकूलन : लोको परिवर्तन, जल आपूर्ति, पार्सल प्रबंधन एवं क्रू तैनाती में समयबद्धता एवं दक्षता में वृद्धि आएगी। रियल-टाइम डेटा आधारित सेवाएँ : रियल-टाइम डेटा प्रवाह के माध्यम से यात्रियों को पारदर्शी एवं विश्वसनीय सेवाएँ प्राप्त होंगी। यह इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि उन्नत तकनीक एवं समेकित कार्यप्रणाली का प्रतीक है। यह केंद्र 24×7 संचालित रहेगा। कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे आधुनिक एवं कार्यक्षम कार्यस्थल के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही, कर्मचारियों के लिए कैंटीन, विश्राम कक्ष, मिनी बोर्ड रूम एवं समर्पित पार्किंग जैसी सुविधाएँ प्रदान की गई हैं, ताकि कार्य निष्पादन अधिक सुगम, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी हो सके। सतीश/24 अप्रल