नई दिल्ली(ईएमएस)। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि देश भर में 5 किलोग्राम वाले छोटे एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री जारी है और अप्रैल महीने में अब तक कुल 17.83 लाख सिलेंडर बिक चुके हैं, जिनमें से 81,000 से अधिक सिलेंडर हाल ही में बेचे गए। मंत्रालय ने कहा कि घरेलू एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी गैस खत्म होने की स्थिति (ड्राई-आउट) की कोई खबर नहीं है। इसके अलावा, 5.27 लाख पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं और 2.60 लाख अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है, जिससे कुल कनेक्शन संख्या 7.87 लाख हो गई है। करीब 5.97 लाख नए ग्राहकों ने गैस कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं, 42,000 से ज्यादा पीएनजी उपभोक्ताओं ने मायपीएनजीडी.इन वेबसाइट के जरिए अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं। इस बीच, ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग 98 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर कोड के जरिए डिलीवरी (ऑथेंटिकेशन) लगभग 94 प्रतिशत तक बढ़ गई है, जिससे गड़बड़ी और चोरी को रोका जा सके। मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात के बावजूद घरेलू उपयोग के लिए गैस की सप्लाई को प्राथमिकता दी जा रही है। बुधवार को 8,483 मीट्रिक टन कमर्शियल एलपीजी (लगभग 4.46 लाख 19 किलो वाले सिलेंडर) बेचे गए, जिससे अप्रैल में कुल बिक्री 1,40,362 मीट्रिक टन (करीब 73.87 लाख सिलेंडर) हो गई है। बयान में आगे कहा गया है कि देश भर में एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 1.5 लाख से ज्यादा छापे मारे गए हैं, और 66,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जबकि 1,100 से ज्यादा एफआईआर दर्ज हुई हैं और 255 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने भी सख्ती बढ़ाते हुए 298 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर पर जुर्माना लगाया है और 70 डिस्ट्रीब्यूटर का लाइसेंस निलंबित किया गया है। सुबोध/२४ -०४-२०२६