मनोरंजन
25-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। यश राज फिल्म्स की प्रतिष्ठित फिल्म सैयारा से बॉलीवुड में अपना प्रभावशाली डेब्यू करने वाली अभिनेत्री अनीत पड्डा एक बार फिर निर्देशक मोहित सूरी की आगामी फिल्म सतरंगा में अहान पांडे के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं। लेकिन इस नई शुरुआत से ठीक पहले अभिनेत्री पर दुखों का एक बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि उन्होंने अपने जीवन के सबसे प्यारे और महत्वपूर्ण इंसान, अपने दादाजी को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। उनके दादाजी काफी समय से अल्जाइमर रोग से जूझ रहे थे, और अब उनके निधन से अनीत गहरे सदमे में हैं। अनीत पड्डा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने दादाजी के निधन की दुखद खबर साझा की। उन्होंने अपने दादाजी के हाथ की एक मार्मिक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने अपने गहरे इमोशंस और भावनाओं को शब्दों के जरिए व्यक्त किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, मेरे जीवन का एकमात्र प्यार। आप मुझसे दूर जा रहे थे, लेकिन मक्खन (अनीत का निकनेम) को नहीं भूले। आपने प्यार को थामे रखा, भले ही आप यादों को थामे नहीं रख सके। मैं दोनों को थामे रहूंगी। मैं हमारे साथ बिताए सभी पलों को संजोकर रखूंगी। मैं एक अच्छा इंसान बनूंगी। मैं आपके चुटकुले याद रखूंगी और जब भी मौका मिलेगा उन्हें दोहराऊंगी। मैं आपकी दयालुता और आपकी रोशनी को हर अंधेरे कमरे में ले जाऊंगी। मैं आपकी कहानियां याद रखूंगी और दुनिया को सुनाऊंगी। मैं आपके प्यार को थामे रहूंगी। आपने मुझे सबसे शुद्ध और सबसे निशर्त प्यार करना सिखाया। यह पोस्ट उनके दादाजी के साथ उनके अटूट बंधन और गहरे भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। अपनी भावुक पोस्ट में अनीत पड्डा ने आगे लिखा, आज मैंने आकाश में सबसे चमकीला तारा देखा और मैं जान गई कि आप कहां गए। मैं आपसे प्यार करती हूं दादाजी और हमेशा अपनी सीमाओं से परे करती रहूंगी। अभिनेत्री के इन शब्दों से यह स्पष्ट होता है कि वे अपने दादाजी के साथ कितना गहरा लगाव रखती थीं और उनके जाने का दर्द उन्हें कितना विचलित कर रहा है। यह दुखद घटना उनके जीवन में एक खालीपन छोड़ गई है, जिसे भरना मुश्किल होगा। बता दें कि सैयारा की रिलीज के समय भी अभिनेत्री के दादाजी की तबीयत खराब होने के कारण वे थिएटर नहीं आ पाए थे। हालांकि, जब उन्हें फोन पर फिल्म के कुछ वीडियो दिखाए गए थे, तो उन्होंने अपनी पोती अनीत को पहचान लिया था और उनके चेहरे पर एक बड़ी मुस्कान आ गई थी। वह पल अनीत के लिए बेहद खास और अनमोल रहा था, क्योंकि अल्जाइमर जैसी बीमारी में भी उनके दादाजी ने उन्हें याद रखा था। फिल्म रिलीज के बाद अनीत ने खुद खुलासा किया था कि अल्जाइमर की वजह से उनके दादाजी को उनका नाम भी याद नहीं रहता था और वे उन्हें अक्सर हीरापुत या मक्खन कहकर बुलाते थे। यह एक दिलचस्प संयोग है कि फिल्म सैयारा में अनीत पड्डा ने खुद अल्जाइमर से पीड़ित एक लड़की का किरदार निभाया था। यही कारण है कि यह फिल्म अनीत के दिल के बहुत करीब रही, क्योंकि यह उनके निजी जीवन के अनुभवों से भी कहीं न कहीं जुड़ी हुई थी। डेविड/ईएमएस 25 अप्रैल 2026