राष्ट्रीय
25-Apr-2026


- राज्यसभा में आप के उपनेता रहे मित्तल का दल-बदल; पंजाब की राजनीति में गरमाहट नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने आम आदमी पार्टी (आप) छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। यह राजनीतिक बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब कुछ ही दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। राज्यसभा में आप के उपनेता रहे मित्तल के इस अचानक कदम से पंजाब और राष्ट्रीय राजनीति में नई चर्चा छिड़ गई है। 62 वर्षीय अशोक मित्तल ने हाल ही में आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। उनका यह दल-बदल ऐसे समय में हुआ है जब 15 अप्रैल को प्रवर्तन निदेशालय ने उनके जालंधर और फगवाड़ा स्थित ठिकानों पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) के तहत कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी की थी। राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उपनेता रहे मित्तल के इस अचानक कदम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। जालंधर के एक कारोबारी परिवार से आने वाले अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक चांसलर हैं। उन्होंने अपने पारिवारिक मिठाई कारोबार लवली स्वीट्स को भी आगे बढ़ाया है। 2022 में पंजाब से राज्यसभा सांसद बनकर उन्होंने राजनीतिक में प्रवेश किया और आम आदमी पार्टी में तेजी से अपनी पहचान बनाई। उन्हें हाल ही में राघव चड्ढा की जगह राज्यसभा में पार्टी का उपनेता बनाया गया था, जिसे आप में उनका बढ़ता कद माना जा रहा था। ईडी की छापेमारी में मित्तल और उनके बेटे के नाम मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सामने आए थे, जिसमें लवली ग्रुप से संबंधित संस्थान भी जांच के दायरे में थे। इस कार्रवाई के ठीक बाद उनका भाजपा में शामिल होना कई सवाल खड़े कर रहा है, खासकर तब जब आम आदमी पार्टी ने इस कदम को भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का परिणाम बताया है। यह घटनाक्रम आप के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि अशोक मित्तल सातवें ऐसे सांसद हैं जो आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं, जिससे राज्यसभा में पार्टी की संख्या और कानून बनाने की प्रक्रिया पर सीधा असर पड़ेगा। सतीश मोरे/25अप्रैल ---