राष्ट्रीय
25-Apr-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। बीजेपी की रैली से हुए ट्रैफिक जाम पर महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन को खरी-खोटी सुनाने वाली महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। वर्ली पुलिस स्टेशन में यह शिकायत वकील गुणरत्न सदावर्ते की बेटी जेन सदावर्ते ने दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में जेन सदावर्ते ने आरोप लगाया कि महिला ने हंगामा किया, अपशब्दों का इस्तेमाल किया, रैली में बाधा डाली और सार्वजनिक शांति भंग की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को बीजेपी रैली के दौरान एक नाराज महिला ने मंत्री महाजन को उस समय घेर लिया, जब वे पत्रकारों से बात कर रहे थे। महिला ने सड़कों पर जाम लगाने को लेकर गुस्सा जताते हुए मंत्री को खरी-खोटी सुनाई और कहा था कि यहां से निकल जाइए, आप ट्रैफिक जाम कर रहे हैं। उसने यह भी सवाल उठाया कि रैली पास के खुले मैदान में क्यों नहीं की गई। इससे पहले, मंत्री गिरीश महाजन ने कहा था कि महिला का गुस्सा कुछ हद तक जायज था, लेकिन उसकी भाषा अनुचित थी। उन्होंने यह भी किा कि उनके खिलाफ किसी कानूनी कार्रवाई की जरूरत नहीं है। सिराज/ईएमएस 25अप्रैल26 --------------------------------