- गुड़ा गांव की घटना, मुख्यमंत्री ने जताया दुख, 4 लाख की सहायता का ऐलान सागर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां पत्थर क्रशर की एक खदान के गहरे गड्ढे में नहाते समय तीन युवक डूब गए। अपने एक साथी को पानी में डूबता देख उसे बचाने के लिए दो अन्य दोस्त भी गहरे पानी में कूद गए, लेकिन तीनों ही फंसकर डूब गए। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। बहेड़िया पुलिस थाने के अनुसार, यह हादसा हाल ही में गुड़ा गांव में हुआ। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तनिष कोरी पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए अभिषेक उर्फ अड्डा और तेजराम पटेल कूदे। गहरे पानी में फंसने से तीनों की मौत हो गई। एक अन्य दोस्त आयुष को समय रहते बाहर निकाला गया। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य में अभिषेक का शव बरामद कर लिया, जबकि तनिष और तेजराम की तलाश अभी भी जारी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर दुख जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रत्येक परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की। स्थानीय विधायक प्रदीप लारिया ने भी परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। यह हादसा छोड़ी गई खदानों के गहरे गड्ढों की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर करता है, जो गर्मियों में अक्सर युवाओं के लिए जानलेवा साबित होते हैं। सतीश मोरे/25अप्रैल ---