- मौसम विभाग ने जारी किया वॉर्म नाइट का अलर्ट; किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी हिसार (ईएमएस)। हरियाणा में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश जिले भीषण लू की चपेट में रहे, जहां रोहतक 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने सप्ताहांत से तापमान में गिरावट और बूंदाबांदी की संभावना जताते हुए राहत की खबर दी है। भीषण गर्मी और वॉर्म नाइट का अलर्ट राज्य में शुक्रवार को पारा सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक रहा। रोहतक में 44.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदाबाद में 43.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लगभग 13 प्रमुख शहरों का पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। इसके साथ ही, अंबाला, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे जिलों में दिन के साथ रातें भी गर्म रहने का अनुमान है, भिवानी में न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल की रात से 29 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव आएगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की उम्मीद है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है और लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी। किसानों के लिए विशेष सलाह संभावित बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे गेहूं और जौ की कटाई व थ्रेसिंग का काम जल्द पूरा कर अनाज सुरक्षित स्थान पर रखें। अगले 3-4 दिनों तक कपास, मूंग और सब्जियों की बुवाई टाल दें तथा कीटनाशकों का छिड़काव न करें। पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए छायादार स्थानों पर रखें और पर्याप्त पानी दें। सतीश मोरे/25अप्रैल ---