- बोर्ड ने प्रदर्शन आधारित रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट को मंजूरी दी, कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ। नई दिल्ली (ईएमएस)। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इन्फोसिस ने अपने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक सलील पारेख को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कुल 51.75 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर प्रोत्साहन के तौर पर देने को मंजूरी दी है। कंपनी के निदेशक मंडल ने हाल ही में इस संबंध में फैसला लिया। यह प्रोत्साहन कंपनी की 2015 और 2019 की शेयर प्रोत्साहन योजनाओं के तहत रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट (आरएसयू) के रूप में दिया जाएगा। पारेख को इसमें 34.75 करोड़ रुपए के आरएसयू मिलेंगे जो प्रदर्शन लक्ष्यों की पूर्ति के आधार पर एक वर्ष बाद दिए जाएंगे। इसके अलावा, उन्हें 2019 की विस्तारित शेयर स्वामित्व योजना के तहत 10 करोड़ रुपए मूल्य के आरएसयू भी प्रदान किए गए हैं। कंपनी ने पर्यावरण, सामाजिक एवं प्रशासन (ईएसजी) लक्ष्यों से जुड़े 2 करोड़ रुपए और कुल शेयरधारक प्रतिफल (टीएसआर) से जुड़े 5 करोड़ रुपए के अतिरिक्त प्रोत्साहन को भी हरी झंडी दी है। साथ ही इन्फोसिस ने अपने कर्मचारियों के लिए भी शेयर प्रोत्साहन की घोषणा की है, जिसमें 27,193 आरएसयू और 1.90 करोड़ रुपए मूल्य के प्रदर्शन-आधारित शेयर शामिल हैं। सतीश मोरे/25अप्रैल ---