* राणीप में वोट डालेंगे प्रधानमंत्री, नारणपुरा में मतदान करेंगे अमित शाह; सुरक्षा व्यवस्था कड़ी अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव के लिए मतदान की घड़ियां नजदीक आ चुकी हैं। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। दोनों नेताओं के मतदान कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बार भी अपने गृह राज्य गुजरात में मतदान करने पहुंचेंगे। वे अहमदाबाद के रानीप क्षेत्र स्थित निशान स्कूल में सुबह 9 से 10 बजे के बीच मतदान कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए राणीप इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। साथ ही भाजपा नेताओं के एयरपोर्ट पहुंचकर स्वागत करने की भी संभावना जताई जा रही है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम भी तय हो चुका है। वे 26 अप्रैल, रविवार को सुबह 10 बजे अहमदाबाद पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से सीधे नारणपुरा स्थित मतदान केंद्र के लिए रवाना होंगे। मतदान करने के बाद वे सीधे दिल्ली लौट जाएंगे। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने राज्य की जनता से 100 प्रतिशत मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस पवित्र महापर्व में सभी मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान करें और अपनी जिम्मेदारी निभाएं। सतीश/25 अप्रैल