राघव चड्ढा समेत 07 सांसदों के अलग होने पर बोले— लालच या डर की वजह से लिया फैसला पटना,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी में राज्यसभा स्तर पर हुई बड़ी टूट के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने इस घटनाक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। इस मामले को लेकर विपक्ष बीजेपी पर हमलावर हुआ है। तेजस्वी यादव ने कहा कि “कुछ लोग समझौता कर लेते हैं, डर जाते हैं और बीजेपी में शामिल हो जाते हैं। संभव है कि यह फैसला लालच या डर की वजह से लिया गया हो।” तेजस्वी ने इशारों में बीजेपी पर हमला किया और यह कहने की कोशिश की है कि आप सांसदों को डराया और धमकाया गया होगा साथ ही उन्हें लालच दी गई होगी, तभी यह सब हो पाया है। उनकी यह प्रतिक्रिया उस समय आई, जब आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों के एक बड़े समूह ने पार्टी से अलग होने की घोषणा की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल सहित कुल सात सांसदों ने पार्टी लाइन से अलग होकर नई राजनीतिक दिशा अपनाने का फैसला किया है। इन नेताओं ने दावा किया कि राज्यसभा में आप के दो-तिहाई सदस्यों ने संवैधानिक प्रावधानों के तहत बीजेपी में विलय का निर्णय लिया है, जिसे उच्च सदन में एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। मीडिया से बातचीत में राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने संविधान के प्रावधानों के तहत यह कदम उठाया है और अब वे बीजेपी के साथ आगे बढ़ेंगे। वहीं संदीप पाठक ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसा निर्णय लेना पड़ेगा। उन्होंने आप के साथ अपने 10 साल के जुड़ाव का जिक्र करते हुए पार्टी छोड़ने और बीजेपी में शामिल होने की पुष्टि की। इस घटनाक्रम ने विपक्षी दलों को बीजेपी पर हमलावर होने का मौका दिया है, जबकि सत्तारूढ़ दल की ओर से अभी इस पर औपचारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। आप में यह टूट आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति की दिशा को प्रभावित कर सकती है। हिदायत/ईएमएस 25अप्रैल26