नई दिल्ली (ईएमएस)। पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में लगातार सातवीं जीत दर्ज की। टीम ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 264 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 265 रन का लक्ष्य 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज है। दिल्ली के केएल राहुल ने नाबाद शतक लगाया। उन्होंने 152 रन बनाए। यह आईपीएल में किसी भारतीय का सबसे बड़ा स्कोर है। पिछला रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था। उन्होंने पिछले सीजन पंजाब के खिलाफ 141 रन की पारी खेली थी। दिल्ली की ओर से नीतीश राणा ने 91 रन बनाए। राहुल और राणा के बीच दूसरे विकेट के लिए 220 रन की साझेदारी हुई। दिल्ली की फील्डिंग के दौरान तीसरे ओवर में दिल्ली के पेसर लुंगी एनगिडी को चोट लग गई। अक्षर पटेल की फुल गेंद पर प्रियांश आर्या ने शॉट खेला, गेंद हवा में गई और मिड-ऑफ से लुंगी एनगिडी कैच के लिए पीछे दौड़े। कैच जज करने में चूक के चलते वह पीछे की ओर गिर पड़े। मेडिकल टीम ने तुरंत पहुंचकर उनका इलाज शुरू किया। एनगिडी को एंबुलेंस से हॉस्पिटल लेकर गए हैं। चोट के चलते खेल रोका गया था, जो करीब 15 मिनट बाद शुरू हुआ। सुबोध/२५ -०४-२०२६