जयपुर (ईएमएस)। वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक शतकीय पारी की बदौलत राजस्थान ने हैदराबाद के खिलाफ 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सूर्यवंशी ने महज 37 गेंदों में 103 रन ठोकते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी पारी में 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। राजस्थान की शुरुआत तेज रही, लेकिन यशस्वी जायसवाल 8 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर पारी को संभाला और तेजी से रन बटोरे। जुरेल ने 35 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। कप्तान रियान पराग 7 रन ही बना सके, जबकि डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों में 33 रन की तेज पारी खेली। शिमरन हेटमायर ने 11 रन का योगदान दिया। अंत में रवींद्र जडेजा 4 और जोफ्रा आर्चर 2 रन बनाकर नाबाद लौटे। हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट लिए। पैट कमिंस, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और नीतीश कुमार रेड्डी को 1-1 विकेट मिला। राजस्थान ने 11.40 की रनगति से बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के सामने जीत के लिए 229 रन का कठिन लक्ष्य रखा। सुबोध/२५ -०४-२०२६