अहमदाबाद(ईएमएस)। गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है। राज्य के प्रमुख शहरों जैसे अहमदाबाद, सूरत और राजकोट सहित नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों की कुल 9,262 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनावी रण में कुल 25,537 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनका भविष्य आज 4 करोड़ से ज्यादा मतदाता तय करेंगे। राजनीतिक दिग्गजों की बात करें तो केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने परिवार के साथ मतदान किया। साथ ही, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के राज्यपाल समेत कई केंद्रीय मंत्री गुजरात पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही पोस्टल बैलेट के जरिए अपना वोट डाल चुके हैं। इन चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच है। आंकड़ों के लिहाज से भाजपा ने सबसे अधिक 9,237 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि कांग्रेस के 8,443 और आम आदमी पार्टी के 5,261 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं। दिलचस्प बात यह है कि मतदान से पहले ही भाजपा ने एक बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। राज्य की विभिन्न निकायों में 715 सीटें निर्विरोध चुनी गई हैं, जिनमें से अकेले भाजपा के खाते में सर्वाधिक सीटें गई हैं। यह पार्टी के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा निर्विरोध आंकड़ा माना जा रहा है। वहीं, 12 सीटें कांग्रेस और 3 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गई हैं। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। राज्यभर के 30 हजार मतदान केंद्रों और 50 हजार बूथों पर करीब 1 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें पुलिस बल के साथ होमगार्ड और जीआरडी जवान शामिल हैं। संवेदनशील और अति-संवेदनशील घोषित किए गए करीब 18,000 से अधिक बूथों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन चुनावों के नतीजे 28 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे, जो राज्य की भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेंगे। वीरेंद्र/ईएमएस/26अप्रैल2026