कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और आमजन के जीवन की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सख्त कार्यवाही लगातार जारी है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले भर में थाना, चौकी, सहायता केंद्र और यातायात शाखा की संयुक्त टीमों द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा दी गई अधिकृत जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत मादक द्रव्य पदार्थो का सेवन कर नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कुल 569 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अभियान के दौरान ऐसे मामलों पर विशेष फोकस किया गया, जहां चालक न केवल अपनी बल्कि अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डाल रहे थे। उक्त अभियान अंतर्गत सख्त कार्यवाही करते हुए पुलिस ने 154 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण संबंधित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) को भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना एक गंभीर अपराध है, जो किसी भी समय घातक दुर्घटना का कारण बन सकता है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। 26 अप्रैल / मित्तल