- दूल्हा बग्गी से कूदा गुना (ईएमएस) । जिले के म्याना थाना क्षेत्र में एक बारात के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। साइड देने को लेकर हुए विवाद में गुस्साए ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर बारात के बीच ट्रैक्टर घुसा दिया और चढ़ाने की कोशिश की। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, दूल्हा बग्गी से कूदकर जान बचाने को मजबूर हुआ, जबकि बाराती इधर-उधर भागने लगे। घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। ग्राम चतुराई से धाकड़ समाज की बारात म्याना में सदर बाजार से होते हुए चौराहे की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान म्याना निवासी अंकित भदौरिया अपने अर्जुन महिंद्रा 4x4 ट्रैक्टर से वहां पहुंचा। बारात के कारण रास्ता कुछ देर तक बाधित रहा, जिस पर चालक और बारातियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चालक ने ट्रैक्टर तेज गति से बारात में घुसा दिया। फरियादी बलवीर धाकड़ (40) निवासी ग्राम चतुराई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने भतीजे भूपेंद्र धाकड़ की बारात में शामिल था। तभी आरोपी ट्रैक्टर को लापरवाही से चलाते हुए बारात में ले आया, जिससे भगदड़ मच गई। रोकने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान नरेश धाकड़ और धर्मवीर धाकड़ मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। हादसे के बाद आक्रोशित बाराती म्याना थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और आरोपी को पकड़ लिया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने बारात की खुशियों को दहशत में बदल दिया। गनीमत रही कि समय रहते लोग संभल गए और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। इनका कहना है मामले में शिकायत आई है और वायरल वीडियो भी मेरे पास आया है। आरोपी पर मामला दर्ज कर पकड़ लिया गया है। – बृजमोहन भदौरिया, थाना प्रभारी म्याना गुना मप्र -सीताराम नाटानी