-बोले- मैं पुलिस फोर्स छोड़ रहा हूं और दाऊद इब्राहिम से जुड़ रहा....सोशल मीडिया पर मचा विवाद मुंबई,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में अभिनेता प्रकाश राज ने भी उन पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की है, जिसने विवाद को और हवा दे दी है। प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा, “मैं पुलिस फोर्स छोड़ रहा हूं क्योंकि वे अपराध से लड़ने के अपने मूल्यों से भटक गए हैं, इसलिए मैं दाऊद इब्राहिम से जुड़ रहा हूं।” इसके साथ उन्होंने यह टिप्पणी राघव चड्ढा से जोड़ते हुए कटाक्ष किया और जस्ट आस्किंग हैशटैग का इस्तेमाल किया। उनकी इस टिप्पणी को कई लोग राजनीतिक व्यंग्य के तौर पर देख रहे हैं, जबकि कुछ ने इसे आपत्तिजनक भी बताया है। सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच बहस छिड़ गई है। दरअसल, हाल ही में राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने फैसले की घोषणा की और बाद में पार्टी मुख्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उनके साथ अन्य नेताओं के भी शामिल होने की खबरें सामने आईं। इस राजनीतिक घटनाक्रम को आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि राज्यसभा में उसके कई सांसदों ने एक साथ पार्टी छोड़ी है। इससे आगामी चुनावी समीकरणों पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, प्रकाश राज के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह आने वाले समय में कई भाषाओं की फिल्मों में नजर आएंगे, जिनमें तमिल, तेलुगू और कन्नड़ सिनेमा की बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। फिलहाल, राघव चड्ढा के इस कदम और उस पर आई प्रतिक्रियाओं ने देश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है, जिसमें वैचारिक प्रतिबद्धता और राजनीतिक अवसरवाद जैसे मुद्दे एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। हिदायत/ईएमएस 26अप्रैल26