अंतर्राष्ट्रीय
26-Apr-2026
...


-कमांडो कार्रवाई का वीडियो वायरल, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बड़ा खुलासा संभव इस्तांबुल,(ईएमएस)। तुर्की के इस्तांबुल में एक बड़े ऑपरेशन के तहत भारत के मोस्ट वांटेड ड्रग तस्कर सलीम डोला को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई को तुर्की की खुफिया एजेंसी नेशनल इंटेलीजेंस ऑर्गनाइजेशन और इस्तांबुल पुलिस के नारकोटिक्स डिविजन ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी इस्तांबुल के बेयलिकदुज़ु इलाके में एक फ्लैट में छिपा हुआ था। खुफिया इनपुट के आधार पर कमांडो टीम ने सटीक योजना बनाकर छापा मारा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी फ्लैट में घुसते हुए और आरोपी को काबू में लेते दिखाई दे रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद सलीम डोला को कड़ी सुरक्षा में पूछताछ के लिए ले जाया गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि उससे अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। भारत में कई मामलों में है वांछित भारत में भी सलीम डोला कई मामलों में वांछित था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जबकि मुंबई पुलिस भी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था, जिससे उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खोज की जा रही थी। फर्जी पहचान का इस्तेमाल गिरफ्तारी के समय उसके पास संयुक्त अरब अमीरात का पासपोर्ट मिला, जिससे संकेत मिलता है कि वह फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह विदेश में रहते हुए भी ड्रग तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था। सलीम डोला का नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से भी जोड़ा जाता रहा है। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय अपराध जगत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। फिलहाल तुर्की की एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं, जबकि भारतीय एजेंसियां भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। हिदायत/ईएमएस 26अप्रैल26