-हिल्टन होटल घटना के संदिग्ध की पहचान एलन टॉरेंस के रुप में, हमले की बात कबूली वॉशिंगटन,(ईएमएस)। वॉशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग के मामले में संदिग्ध की पहचान सामने आ गई है। आरोपी का नाम कोल थॉमस एलन बताया गया है, जो दक्षिणी कैलिफोर्निया का निवासी है। घटना के दौरान मौजूद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एलन को गिरफ्तार कर लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। फायरिंग के बाद ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई थी। वहीं, जांच एजेंसियों ने जब उसकी पृष्ठभूमि खंगाली तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 31 वर्षीय एलन टॉरेंस का रहने वाला है और पेशे से शिक्षक तथा वीडियो गेम डेवलपर है। वह सी-2 एजुकेशन में पार्ट-टाइम टीचर के रूप में कार्यरत था और दिसंबर 2024 में उसे ‘टीचर ऑफ द मंथ’ भी चुना गया था। शैक्षणिक रूप से भी एलन काफी योग्य बताया जा रहा है। उसने 2017 में कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया था। इसके बाद उसने कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी-डोमिंगुएज हिल्स से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की। जांच में यह भी सामने आया कि उसका राजनीति से कुछ जुड़ाव रहा है। फेडरल इलेक्शन कमीशन के रिकॉर्ड के अनुसार, उसने 2024 में कमला हैरिस के चुनाव अभियान को आर्थिक सहयोग भी दिया था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं, ताकि हमले के पीछे की मंशा और संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके। यह घटना एक बार फिर अमेरिका में सुरक्षा व्यवस्था और गन हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। हिदायत/ईएमएस 26अप्रैल26