-हडसन इंस्टीट्यूट के कार्यक्रम में वीडियो संदेश देने के बाद बनाई दूरी, मेहमानों की सूची से अनभिज्ञता जताई वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के भारतवंशी सांसद रो खन्ना ने वॉशिंगटन डीसी में आयोजित एक कार्यक्रम से खुद को अलग कर लिया है, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता दत्तात्रेय होसबले शामिल थे। खन्ना ने स्पष्ट किया कि वे आरएसएस का समर्थन नहीं करते और उन्हें कार्यक्रम में शामिल मेहमानों की जानकारी नहीं थी। यह कार्यक्रम हडसन इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित किया गया था। खन्ना ने इसमें पहले से रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो संदेश भेजा था, लेकिन बाद में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि वे कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से मौजूद नहीं थे। खन्ना ने अपने बयान में कहा, “मैं वहां मौजूद नहीं था। थिंक टैंक ने मुझसे एक मिनट का वीडियो मांगा था, जो मैंने दे दिया। मुझे उनके मेहमानों की सूची के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और मैं किसी भी तरह से आरएसएस का समर्थन नहीं करता।” इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े विजय चौथाईवाले और राम माधव भी शामिल हुए थे। साथ ही, अमेरिकी प्रशासन के वर्तमान और पूर्व अधिकारी भी इसमें मौजूद थे, जिनमें बेथनी मॉरिसन और कर्ट कैंपबेल का नाम शामिल है। हिदायत/ईएमएस 26अप्रैल26