‘शैडो फ्लीट’ पर शिकंजा, अब तक 37 जहाजों को लौटाया; क्षेत्र में बढ़ा तनाव वाशिंगटन,(ईएमएस)। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच यूएस सेंट्रल कमांड ने अरब सागर में एक और मर्चेंट जहाज को रोककर ईरान की ओर वापस भेज दिया है। बताया जा रहा है कि ‘सेवान’ नामक यह जहाज ईरानी तेल और गैस उत्पाद लेकर विदेशी बाजारों की ओर जा रहा था और प्रतिबंधों को दरकिनार करने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी सेना के अनुसार, यह जहाज ईरान की तथाकथित ‘शैडो फ्लीट’ का हिस्सा है, जिसमें करीब 19 जहाज शामिल हैं। इन जहाजों का इस्तेमाल ईरान अपने तेल और गैस निर्यात को जारी रखने के लिए करता है, ताकि अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचा जा सके। इस कार्रवाई को अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर यूएसएस पिंकनी के जरिए अंजाम दिया गया। जहाज से उड़ान भरने वाले हेलीकॉप्टर ने ‘सेवान’ को रोककर उसे अमेरिकी निर्देशों का पालन करने को कहा। इसके बाद जहाज ने दिशा बदल ली और अब वह सुरक्षा निगरानी में ईरान की ओर लौट रहा है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ब्लॉकेड अभियान शुरू होने के बाद अब तक 37 जहाजों को रोका या वापस भेजा जा चुका है। इन सभी को प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए ईरानी ऊर्जा उत्पादों की ढुलाई करते पाया गया था। विशेषज्ञों के मुताबिक, ईरान की अर्थव्यवस्था काफी हद तक तेल और गैस निर्यात पर निर्भर है। ऐसे में इस तरह की कार्रवाइयों से उसे अरबों डॉलर का नुकसान हो सकता है। अमेरिका का दावा है कि इस अभियान का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा बनाए रखना और प्रतिबंधों को प्रभावी बनाना है। हालांकि, इस कदम से क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पहले से ही अमेरिका और ईरान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच ऐसी घटनाएं वैश्विक व्यापार और तेल कीमतों को प्रभावित कर सकती हैं। दुनिया भर के देश इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि अरब सागर और आसपास का इलाका अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। हिदायत/ईएमएस 26अप्रैल26