कर्नाटक हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द की बेंगलुरु,(ईएमएस)। कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ से जुड़े विवाद में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को बड़ी राहत मिली है। कर्नाटक हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द किया, जिससे लंबे समय से चल रहे मामले पर विराम लगता दिख रहा है। हालांकि, अदालत ने राहत के साथ एक शर्त भी रखी है। कोर्ट ने रणवीर को धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं आहत करने के लिए माफी मांगने का निर्देश दिया है। आदेश के अनुसार, उन्हें चार हफ्तों के भीतर मैसूर स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर प्रार्थना करनी होगी और अपनी गलती के लिए क्षमा याचना करनी होगी। दरअसल विवाद तब शुरू हुआ था जब रणवीर ने इंटरनेशनल फिल्म ऑफ इंडिया 2025 के समापन समारोह में ‘कांतारा: चैप्टर1’ के एक दृश्य की नकल की थी। इस दौरान उन्होंने फिल्म के एक अहम किरदार को ‘महिला भूत’ कहकर मजाकिया अंदाज में पेश किया। इस पर सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया देकर रणवीर से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। बढ़ते विवाद के बाद रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगते हुए स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य ऋषभ शेट्टी के प्रदर्शन की सराहना करना था, न कि किसी की भावनाओं को आहत करना। सुनवाई के दौरान रणवीर व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनके वकील ने बिना शर्त माफी का हलफनामा पेश किया। इसके बाद ही हाई कोर्ट ने एफआईआर रद्द करने का फैसला सुनाया। इस मामले ने फिर कलात्मक अभिव्यक्ति और धार्मिक संवेदनशीलता के बीच संतुलन की बहस को उजागर कर दिया है। आशीष दुबे / 26 अप्रैल 2026