जनगणना 2027 को पूरी तरह से डिजिटल बनाया गया नई दिल्ली (ईएमएस)। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से जनगणना 2027 को मिलकर सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना होने वाली है। देश की जनगणना सिर्फ सरकारी काम नहीं है। यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, देश में वर्तमान में एक बहुत अहम अभियान चल रहा है, जिसके बारे में हर भारतीय को जानकारी होनी जरूरी है। ये जनगणना से जुड़ा अभियान है। जो साथी पहले से इस तरह की प्रक्रिया से गुजरे हैं, इस बार जनगणना का उनका अनुभव अलग होने वाला है। जनगणना 2027 को पूरी तरह से डिजिटल बनाया गया है। आपकी सारी जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो रही है। घर-घर जाने वाले जनगणना कर्मचारियों के पास मोबाइल एप है। आप से बात कर पूरी जानकारी दर्ज कर रहे है। उन्होंने कहा, जब आप प्रक्रिया पूरी करते हैं, तब आपको एक विशेष आईडी मिलती है। ये आईडी आपके मोबाइल या ईमेल पर आती है। इसके बाद में जब कर्मचारी आपके घर आता है, तब आप यही आईडी दिखाकर जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं। इसमें दुबारा से जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ती। पीएम मोदी ने बताया जिन राज्यों में स्व-गणना का काम पूरा हो गया है, वहां गणना कर्मचारी की ओर से घरों के सूचीकरण का कार्य भी शुरू किया गया है। अब तक करीब 1 करोड़ 20 लाख परिवारों का मकान सूचीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा, देश की जनगणना सिर्फ सरकारी काम नहीं है। यह हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील कर कहा, आपकी दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहती है। आशीष दुबे / 26 अप्रैल 2026