क्षेत्रीय
26-Apr-2026
...


- 12 प्लाटूनों ने दी सलामी फिरोजाबाद(ईएमएस)।जनपद फिरोजाबाद के पुलिस लाइन परिसर में आज उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 के तहत प्रशिक्षण प्राप्त रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में प्रशिक्षुओं ने अनुशासन, शारीरिक दक्षता और सेवा के प्रति समर्पण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) डॉ. बी.डी. पॉल्सन रहे, जिनका स्वागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने किया। इस दौरान कुल 12 प्लाटूनों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी और शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड का नेतृत्व प्रथम कमांडर योगेश शर्मा, द्वितीय कमांडर नागेंद्र सिंह और तृतीय कमांडर अतुल कुमार ने किया। मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण कर प्रशिक्षुओं की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न आंतरिक एवं बाह्य विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। सर्वांग सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए आदित्य गौर को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को आधुनिक पुलिसिंग, साइबर अपराध, मानवाधिकार, संविधान, अनुशासन और व्यवहारिक कर्तव्यों की व्यापक जानकारी दी गई है, जिससे वे बेहतर पुलिस सेवा दे सकेंगे। समारोह के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को शपथ दिलाई। इसके बाद नव आरक्षियों ने धीमी चाल से मार्च करते हुए मुख्य अतिथि का अभिवादन किया। पुलिस प्रशासन ने विश्वास जताया कि नव आरक्षियों के शामिल होने से जनपद में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। ईएमएस