राज्य
27-Apr-2026
...


- जमीन कारोबारी गोपाल गांधी समेत कई ठिकानों पर छापा रायपुर (ईएमएस)। भारत माला परियोजना से जुड़े कथित जमीन मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन कारोबारी गोपाल गांधी और उससे जुड़े लोगों के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक, ED के करीब 13 अधिकारियों की टीम ने बुधवार सुबह तड़के अभनपुर स्थित गोपाल गांधी के घर और उसके कार्यालय पर दबिश दी। टीम फिलहाल दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच कर रही है। रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार, करीब 500 करोड़ रुपये से अधिक के मुआवजा घोटाले की आशंका जताई गई है। जांच में सामने आया है कि कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि भूमि में परिवर्तित दिखाकर मुआवजा राशि कई गुना बढ़ा दी गई। इस पूरे खेल में राजस्व विभाग के कुछ अधिकारी—जैसे एसडीएम, तहसीलदार और पटवारी—पर जमीन दलालों के साथ मिलीभगत के आरोप हैं। इतना ही नहीं, एक ही खसरे की जमीन को कागजों में छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर मुआवजा निकालने का मामला भी सामने आया है। इस मामले में ED और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) पहले भी रायपुर और महासमुंद में छापेमारी कर चुकी हैं। जांच के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति अटैच की गई है और 40 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त किया जा चुका है। मामले में तत्कालीन एसडीओ निर्भय साहू सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। वहीं, EOW ने 10 आरोपियों के खिलाफ पहली चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें सरकारी अधिकारी और जमीन दलाल शामिल हैं ED की ताजा कार्रवाई से इस बहुचर्चित घोटाले में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026