इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज मामले में कल रात महिला सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के पति रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। वे अपनी पत्नी की सरकारी बोलेरो जीप लेकर घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चला है। घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात की है। इंदौर के पीटीसी (Police Training Centre) परिसर स्थित आवास पर महिला एसीपी और उनके पति के बीच किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर तीखी बहस हुई थी जिसके बाद पति गुस्से में घर की चाबियां और परिसर में खड़ी सरकारी जीप लेकर निकल गए। देर रात तक पति के वापस न लौटने और उनका मोबाइल फोन भी बंद होने के कारण, महिला एसीपी ने आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराईं । मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर पुलिस ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल टावर लोकेशन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पता चला कि वे राजस्थान की ओर गए है। उनकी अंतिम लोकेशन राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग-बड़ौद क्षेत्र के पास एक ग्रामीण इलाके में मिली थी। जिसके बाद इंदौर पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित की हैं, जो राजस्थान के लिए रवाना हो चुकी हैं। वहीं महिला एसीपी भी अपने पति की तलाश में एक टीम के साथ खुद भी राजस्थान के लिए रवाना हुई है। वहीं राजस्थान पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल, पुलिस अधिकारी इस मामले में ज्यादा कुछ कहने से बच रहे हैं। आनंद पुरोहित/ 27 अप्रैल 2026