नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी की सड़कों पर अनुशासन कायम करने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने शनिवार को नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। महज तीन घंटे के लिए चलाए गए इस अभियात के तहत 11,800 वाहन चालकों के चालान काटे गए। कार्रवाई का मुख्य फोकस गलत दिशा में वाहन चलाने वालों और गलत पार्किंग करने वालों पर रहा, जिनसे रोजाना यातायात जाम और हादसों का खतरा बना रहता है। यातायात पुलिस की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयांता गोयल आर्या के मुताबिक, यह अभियान शनिवार को पूरे दिल्ली में एक साथ सभी रेंज और जिलों में चलाया गया, ताकि हर क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक बाधाओं को कम करना और सड़क सुरक्षा को मजबूत करना रहा। विशेष अभियान के तहत गलत तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस की टीमें प्रमुख सड़कों, बाजारों और दुर्घटना संभावित इलाकों में तैनात रहीं। कार्रवाई का फोकस उन दो बड़ी समस्याओं पर रहा, जो रोजाना जाम और हादसों की वजह बनती हैं गलत पार्किंग और रान्ग साइड ड्राइविंग। अभियान के दौरान मुख्य सड़कों, सर्विस लेन और बाजारों में बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 8,500 से ज्यादा चालान किए। नो-पार्किंग जोन, चौराहों और फुटपाथ पर खड़े वाहनों को तुरंत हटाया गया, जिससे कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में तत्काल सुधार देखने को मिला। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/27/अप्रैल /2026