करीब 45 साल बाद फिर सुर्खियों में आ गई हिल्टन होटल वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल फिर सुर्खियों में है। शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप होटल में वाइट हाउस के पत्रकारों के साथ डिनर पार्टी में शामिल हुए थे, जिसमें हुई फायरिंग ने सभी को चौंका दिया। इस गोलीबारी ने इसी होटल में हुई एक खौफनाक घटना को ताजा कर दिया है। साल 1981 में इसी होटल में तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। अब चार दशक से ज्यादा समय के बाद फिर इस होटल में किसी राष्ट्रपति के कार्यक्रम में गोलियों की आवाज सुनाई दी है। रोनाल्ड रीगल पर हमले की वजह से वॉशिंगटन हिल्टन को स्थानीय लोग बोलचाल में हिनकली हिल्टन भी कहते हैं। उस घटना के दौरान जॉन हिनकली जूनियर नाम के शख्स ने कुछ ही सेकंड के भीतर रीगन पर छह गोलियां चलाई थीं। यह हमला 30 मार्च 1981 को हुआ था, जब रीगन होटल में कार्यक्रम के बाद बाहर आ रहे थे। लेकिन रीगन इस हमले में बच गए थे लेकिन गंभीर रूप से घायल हुए थे। एक गोली ने उनके फेफड़े को छेद दिया था, इसकारण शरीर के अंदर काफी खून बह गया। आरोपी जॉन हिंकले जूनियर ने .22 कैलिबर की रिवॉल्वर से राष्ट्रपति और उनकी सुरक्षा टीम पर गोलियां चलाईं। एक गोली लिमोजिन कार से टकराकर वापस उछली और उनके बाएं हाथ की बगल के नीचे से जाकर फेफेड़े तक पहुंच गई। रीगन के घावों पर किसी का ध्यान ही नहीं गया, जब तक उन्हें खून की उल्टियां नहीं होने लगीं। इसके बाद रीगन को तत्काल जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां 12 दिन बिताने के बाद 11 मार्च को उन्हें डिस्चार्ज किया गया। गोलीबारी में रीगन के प्रेस सेक्रेटरी जेम्स ब्रैडी, सीक्रेट सर्विस एजेंट टिमोथी मैकार्थी और पुलिस अधिकारी थॉमस डेलाहेंटी भी घायल हो गए। ब्रैडी के दिमाग को नुकसान पहुंचा था और वह आजीवन विकलांग रहे। एक साल बाद 1982 में हिंकले को मानसिक अस्थिरता के आधार पर दोषी नहीं ठहराया गया। उन्हें सेंट एलिजाबेथ अस्पताल के हाई-सिक्योरिटी जोन में रखा गया और 2016 में रिहा कर दिया गया। लेकिन 25 अप्रैल को वॉशिंगटन हिल्टन होटल फिर सुर्खियों में आ गया। यहां अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप वाइट हाउस के पत्रकारों की डिनर पार्टी में शामिल हुए थे। होटल के बड़े हॉल में लगभग 2600 लोग जुटे हुए थे, जिसमें पत्रकार, नेता, बिजनेसमैन शामिल थे। कार्यक्रम चल रहा था, तभी अचानक तेज आवाज सुनाई दी। कुछ देर समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा है, तभी एक सीक्रेट सर्विस एजेंट ने चिल्लाकर कहा कि गोली चली है। आशीष/ईएमएस 28 अप्रैल 2026