-तीन दिनों में दो बार पाकिस्तान आए ईरानी विदेश मंत्री, असीम मुनीर से की मुलाकात इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में गहराते सैन्य और कूटनीतिक संकट के बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची तीन दिनों के अंदर दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचे। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दूसरे दौर को लेकर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। रविवार को इस्लामाबाद पहुंचे अराघची ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक का मुख्य केंद्र पाकिस्तान द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता के जरिए शांति स्थापित करने के प्रयास थे। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ, असीम मुनीर और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद अराघची शनिवार को इस्लामाबाद से रवाना हुए थे। वह ओमान गए थे, जहां उन्होंने सुल्तान हैथम बिन तारिक अल-सैद के साथ होर्मुज में सुरक्षा और ईरान-अमेरिका संघर्ष को खत्म करने के लिए राजनयिक प्रयासों पर बातचीत की। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि यात्रा के बाद अराघची रूस रवाना हो गए। पाकिस्तान की ओर से इस बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया। बताया जा रहा है कि यह बैठक पाकिस्तान द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दूसरे दौर की व्यवस्था करने के लिए जारी शांति प्रयासों पर केंद्रित है। ईरानी समाचार एजेंसी के हवाले से बताया गया है कि अराघची ‘‘युद्ध को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए किसी भी समझौते के ढांचे पर ईरान के रुख और विचारों’’ से अवगत कराएंगे। 11 और 12 अप्रैल को आयोजित शांति वार्ता का पहला दौर संघर्ष में शामिल पक्षों के लिए वांछित परिणाम लाने में विफल रहा। शनिवार को अराघची के ओमान रवाना होने के बाद, अमेरिका के ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अब ईरान के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे। रविवार को ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिकी और ईरानी अधिकारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए फोन पर बातचीत कर सकते हैं। सिराज/ईएमएस 28 अप्रैल 2026