- अब ग्राम रलिया पर फोकस कोरबा (ईएमएस)। जानकारी के अनुसार कोयलांचल क्षेत्र में पिछले 20 दिनों से डेरा डाले केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने दीपका परियोजना प्रभावित ग्राम मलगांव में हुए करोड़ों के मुआवजा घोटाले की जांच पूरी कर ली है। जांच में फर्जी भू-विस्थापित बनाकर और बिना संपत्ति के भी संपत्ति दर्शाकर करोड़ों रुपए के मुआवजा घोटाले का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा हैं की इस मामले में लगभग 18 लोगों पर आरोप और जिम्मेदारियां तय की गई हैं, जिन पर जल्द कार्यवाही की जा सकती है। इसमें शासन-प्रशासन के अधिकारी, एसईसीएल के कर्मचारी और कुछ स्थानीय ग्रामीण शामिल बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि फर्जी मुआवजा पत्रक तैयार कर सांठगांठ के जरिए करोड़ों रुपए का फर्जी मुआवजा हासिल किया गया। अधिक लाभ लेने के लिए दस्तावेजों में बड़े पैमाने पर हेरफेर भी किया गया। इसमें तत्कालीन एसडीएम तहसीलदार, पटवारी, आरआई सहित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। कोयलांचल के दो चर्चित नाम इस पूरे घोटाले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं, जिन्होंने अवैध तरीके से मुआवजा हासिल किया। ग्राम मलगांव की जांच पूरी करने के बाद सीबीआई टीम ने अब गेवरा परियोजना से प्रभावित ग्राम रलिया की ओर रुख किया है। टीम ग्राम रलिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गई है। - 28 अप्रैल