कांकेर (ईएमएस)। गौ रक्षा के मुद्दे पर शिवसेना का प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला मुख्यालय में शिवसेना पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। शिवसेना नेताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम आधार है, लेकिन हाल के समय में गौहत्या, गौ तस्करी और गौवंश की उपेक्षा के मामले बढ़ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में कड़े कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ माता को राज्य माता घोषित करने, गौ तस्करी में शामिल वाहनों की जब्ती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इसके साथ ही गौठानों को व्यवस्थित गौशालाओं के रूप में विकसित कर गौ सेवकों की नियुक्ति की भी मांग उठाई गई है। - ईएमएस / 28 अप्रैल 2026