कांकेर (ईएमएस)। जिले में संचालित ‘हमार लक्ष्य’ कार्यक्रम के तहत कोयलीबेड़ा विकासखंड के 9 मॉडल स्कूलों का चयन ‘सुपर 60’ के लिए किया गया है। इन स्कूलों के बेहतर संचालन, गुणवत्ता सुधार और सतत मॉनिटरिंग को लेकर बड़गांव में प्रधान पाठकों और संकुल समन्वयकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बीईओ देव कुमार सील और बीआरसी विप्लव बनर्जी ने कक्षा 1 से 3 तक चरणबद्ध रूप से अंग्रेजी माध्यम आधारित शिक्षण लागू करने, एफएलएन लक्ष्य हासिल करने और गतिविधि आधारित, बाल-केंद्रित शिक्षण पर जोर दिया। साथ ही विद्यालयों को स्वच्छ, आकर्षक और बाल अनुकूल बनाने तथा डिजिटल स्मार्ट क्लास के नियमित उपयोग के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने हर माह पालक-शिक्षक बैठक आयोजित करने और प्रत्येक मॉडल स्कूल का सप्ताह में कम से कम दो दिन निरीक्षण अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए, ताकि शिक्षण गुणवत्ता और प्रगति की नियमित समीक्षा हो सके। कोयलीबेड़ा ब्लॉक के जिन विद्यालयों का चयन हुआ है, उनमें चारगांव बाजार, पीवी 50-51, छोटे बेटियां, रेंगवाही, बड़गांव, पीवी 31 इरपानार, पीवी 105 और बांदे कॉलोनी के प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। बैठक में सभी चयनित स्कूलों के प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक मौजूद रहे। - ईएमएस / 28 अप्रैल 2026