क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मुंबई महानगरपालिका के एक सहायक मनपा आयुक्त को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अधिकारी नितिन चंद्रप्रताप शुक्ला (37), जो महानगरपालिका के के-पूर्व वार्ड (अंधेरी पूर्व और विले पार्ले पूर्व) में तैनात हैं, पर आरोप है कि उन्होंने एक आर्किटेक्ट के साथ शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस के अनुसार, शुक्ला की मुलाकात पीड़िता से तब हुई थी जब वह बिल्डिंग प्रपोजल विभाग में सब-इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2023 में प्रोजेक्ट से जुड़े अनुमोदन के लिए पीड़िता उनके संपर्क में आई थी, जिसके बाद दोनों के बीच संबंध बने। आरोप है कि शुक्ला ने अपनी पत्नी को तलाक देने का झूठा आश्वासन दिया। एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता ने शुक्ला पर शारीरिक हिंसा, फर्जी अकाउंट बनाकर परेशान करने, निजी सामग्री वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। मनपा के अधिकारियों के अनुसार, यदि आरोपी 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस हिरासत में रहते हैं, तो उनके खिलाफ निलंबन जैसी विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। - २८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस