क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भलस्वा डेरी थाना अंतर्गत मुकुंदपुर लूप फ्लाईओवर के डार्क स्पाट क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार स्पोट्र्स बाइक (यामाहा आर-वन 5) अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई। इस खौफनाक हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखे थे। शुरुआत में हादसे के बाद एक युवक के फ्लाईओवर के नीचे गिरने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस इससे इन्कार कर रही है। हादसे जान गंवाने वाले दोनों युवक दिल्ली के संगम विहार व बवाना के रहने वाले हैं। कोई चश्मदीद न मिलने कारण पुलिस ने डीडी एंट्री के आधार पर मुकदमा दर्ज कर केस की जांच बाहरी-उत्तरी जिला की एमएसीटी सेल को सौंप दी गई है। जिस जगह पर यह हादसा हुआ है, वह डार्क स्पाट है। लंबे समय से लाइट नहीं हैं। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बाहरी रिंग रोड पर मुकुंदपुर फ्लाईओवर क्षेत्र दिल्ली के प्रमुख डार्क स्पाट में से एक है। लंबे समय से लाइट्स खराब ही रहती हैं। राहगीरों का कहना है कि एक तो यहां डार्क स्पाट है और दूसरा गोल चक्र है। इस वजह से कई बड़े हादसों के अलावा छोटी दुर्घटनाएं तो अक्सर होती हैं। इस मार्ग से अक्सर आने-जाने वाले जगतपुर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि यहां न तो कोई संकेतक हैं और शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। राहगीरों को परेशानी होती है। यातायात पर काम करने वाली संस्था गुरू हनुमान सोसाइटी आफ भारत के राष्ट्रीय महासचिव अतुल रणजीत कुमार ने बताया कि मुकुंदपुर फ्लाईओवर क्षेत्र लंबे समय से डार्क स्पाट है। इसके बारे में लोक निर्माण विभाग से कई बार अनुरोध किया जा चुका है। बीच-बीच में स्ट्रीट लाइट्स को ठीक कर दिया जाता है किंतु कुछ ही दिनों में पुनः यहां अंधकार छा जाता है। विभाग की ओर से लाइट्स पार्ट्स चोरी होने व पुलिस से अपेक्षित सहयोग न मिलने की शिकायत भी रही हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/ अप्रैल /2026