- मरणासन्न हालत में अस्पताल फेंककर हुए फरार, पीड़िता की हालत नाजुक। गुना (ईएमएस) । मध्यप्रदेश के गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनखरा गांव में एक नाबालिग किशोरी के साथ तीन दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस दौरान जब किशोरी की हालत बिगड़ गई, तो उसे मरणासन्न स्थिति में शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के बाहर लावारिस छोडक़र भाग निकले। जिसे गंभीर हालत में परिजन गुना के बमोरी थाने लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहकर लौआ दिया। इस खौफनाक घटना से आहत और लोक-लाज के डर से पीडि़त किशोरी ने घर लौटकर जहरीला पदार्थ गटक लिया। फिलहाल, वह जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पूरी घटना का सिलसिला 25 अप्रैल को तब शुरू हुआ, जब पीडि़ता की माँ पास के ही एक गांव में तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। घर में किशोरी को अकेला पाकर गांव के ही रामू नामक युवक ने साजिश रची। दोपहर करीब 3 बजे रामू पीडि़ता के पास पहुँचा और झूठ बोला कि उसकी माँ ने उसे बुलाया है। माँ के पास जाने के झांसे में आकर किशोरी उसकी मोटरसाइकिल पर बैठ गई। रास्ते में जब किशोरी ने रास्ता भटकने पर सवाल किए, तो आरोपी उसे डरा-धमकाकर जंगल की ओर ले गया। वहाँ पहले से ही रामू के दो अन्य दोस्त, विजय और अभिषेक मौजूद थे। इन तीनों दरिंदों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद जब किशोरी की स्थिति बिगडऩे लगी, तो आरोपी घबरा गए और उसे इलाज के बहाने शिवपुरी ले गए, जहाँ उसे मेडिकल कॉलेज के बाहर फेंककर फरार हो गए। इधर, घरवाले अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे थे। परिजनों ने जब शुरुआत में संदेही रामू से पूछताछ की, तो उसने साफ मुकर दिया कि वह लडक़ी के बारे में कुछ भी जानता है। हालांकि, बाद में रामू ने अपने एक रिश्तेदार को पूरी सच्चाई बता दी, जिसके माध्यम से परिजनों को पता चला कि उनकी बेटी शिवपुरी अस्पताल में है। परिजन उसे वापस घर लाए और फरियाद लेकर बमोरी थाने पहुंचे। लेकिन यहां जांच की बात कहकर पुलिस ने टरका दिया। इसी मानसिक आघात और शारीरिक पीड़ा से टूटी किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहर खा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बमोरी पुलिस ने घटना के तीसरे दिन जीरो पर एफआईआर दर्ज की है। बमोरी थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया के अनुसार, अस्पताल में भर्ती किशोरी के बयान महिला उपनिरीक्षक द्वारा दर्ज किए गए हैं। पीडि़ता ने अपने बयानों में तीनों आरोपियों रामू, विजय और अभिषेक द्वारा किए गए कृत्य की पुष्टि की है। किशोरी ने बताया कि आरोपी उसे परिचित होने का फायदा उठाकर बाइक पर शिवपुरी की तरफ ले गए थे, जहाँ रास्ते में कहीं सूनसान जगह पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि देहाती नालिसी तैयार कर ली गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर जिला अस्पताल में किशोरी की हालत लगातार बिगड़ रही है। -सीताराम नाटानी