क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


डोंबिवली, (ईएमएस)। मुंबई से सटे डोंबिवली शहर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। खबर है कि एक अनाथ युवती के साथ पहले उसकी सहेली के परिवार वालों ने बेरहमी से मारपीट की, और जब वह मदद के लिए एक दोस्त के पास पहुंची, तो उसी ने उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती डोंबिवली में रहती है और एक निजी संस्थान में काम करती है। कुछ दिनों पहले उसकी सहेली के परिवार वालों ने झूठे आरोप को लेकर उसके साथ मारपीट की, जिसमें सहेली के पिता भी शामिल थे। इस घटना से डरी-सहमी युवती पुलिस में शिकायत दर्ज कराना चाहती थी, लेकिन उसके साथ कोई नहीं था। ऐसे में उसने सोशल मीडिया ऐप Snapchat पर बने अपने परिचित क्रिश भोईर नाम के युवक से मदद मांगी। आरोपी ने युवती को पुलिस स्टेशन ले जाने का भरोसा दिया, लेकिन मानपाडा पुलिस स्टेशन ले जाने के बजाय उसे एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने जबरदस्ती युवती के साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसने युवती के जीपेय से पैसे ट्रांसफर किए, मोबाइल से सिम कार्ड निकाल लिया और उसका फोन लेकर फरार हो गया। किसी तरह पीड़िता वहां से बचकर निकली और सीधे डोंबिवली स्थित शिवसेना की मध्यवर्ती शाखा पहुंची। यहां स्थानीय विधायक राजेश मोरे ने मामले की गंभीरता को समझते हुए महिला पदाधिकारियों को पीड़िता के साथ पुलिस स्टेशन भेजा। महिला पदाधिकारी करीब 8 घंटे तक पीड़िता के साथ खड़ी रहीं। मानपाडा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए मात्र 1 घंटे के भीतर आरोपी क्रिश भोईर को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच महिला पुलिस अधिकारी प्रियंका सादलकर कर रही हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहले भी अन्य लड़कियों के साथ ऐसे अपराध किए हो सकते हैं। इस दिशा में जांच जारी है। - २८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस