- बिना पहचान पत्र एंट्री पर रोक - अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही - थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर एवं कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में कटघोरा थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई है, जिसमें एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह और प्रधान आरक्षक निलेन्द्र सिंह सक्रिय रूप से शामिल हैं। पुलिस टीम द्वारा कटघोरा क्षेत्र के होटल, लॉज और ढाबों में लगातार सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी होटल, लॉज और ढाबा संचालक बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दें। इसके साथ ही परिसर में मधपान, संदिग्ध गतिविधियों या अन्य गैरकानूनी कार्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाएगी। पुलिस की इस सख्ती का असर भी दिखने लगा है। हाल ही में तानाखार क्षेत्र स्थित एक ढाबा को नियमों के उल्लंघन के चलते सील किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे। - 28 अप्रैल