क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


- बकाया, इलाज और रोजगार के मुद्दे पर वेदांता प्रबंधन के खिलाफ कलेक्टर से लगाई गुहार कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के बालको क्षेत्र में वर्षों तक अपनी मेहनत और कौशल से एल्युमिनियम उद्योग को खड़ा करने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर वेदांता प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। बालको सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन (ऐक्टू से संबद्ध) के बैनर तले पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया कि निजीकरण के बाद से कर्मचारियों के साथ लगातार उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा वैधानिक अधिकारों को भी नजर अंदाज किया जा रहा है, जिससे बुजुर्ग कर्मचारियों को आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के संयोजक बी.एल. नेताम, रामजी शर्मा, आर.के. महंत और रूपदास के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में चार प्रमुख मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा कि वर्ष 2019 में सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष किए जाने के बावजूद अतिरिक्त दो वर्षों का वेतन, भत्ते और अन्य देयक अब तक नहीं दिए गए हैं। साथ ही फाइनल सेटलमेंट की राशि भी लंबित है, जिससे कई परिवार आर्थिक रूप से टूटने की कगार पर हैं। सबसे गंभीर मुद्दा चिकित्सा सुविधाओं का है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों का कहना है कि पहले उन्हें कंपनी की ओर से इलाज की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब यह पूरी तरह बंद कर दी गई है। बढ़ती उम्र और बीमारियों के बीच इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो गया है, जिसे उन्होंने अमानवीय स्थिति करार दिया। इसके अलावा, संगठन ने आश्रितों को रोजगार देने की पुरानी नीति को फिर से लागू करने और बालकोनगर के व्यापारिक परिसरों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवारों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई। उनका आरोप लगाते हुए कहना है कि बाहरी लोगों को दुकानें आवंटित की जा रही हैं, जबकि प्रभावित परिवारों को नजर अंदाज किया जा रहा है। - 28 अप्रैल