क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी में एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बदमाशों ने 16 वर्षीय किशोर कुश बाघ की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका एक साथी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, घटना देर रात पंचशील नगर के पास जोगी मोहल्ला में करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच हुई। कुछ आरोपियों ने दो नाबालिगों पर चाकू से हमला किया, जिसमें कुश बाघ की मौके पर मौत हो गई। घायल किशोर का अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर न्याय की मांग की। मौके पर डीएसपी सेंट्रल उमेश प्रसाद गुप्ता और एसीपी रमाकांत साहू पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले में चार संदिग्धों की भूमिका सामने आई है, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के कारणों का खुलासा जांच के बाद होगा। - (ईएमएस) 28 अप्रैल 2026